Skip to content

सारंगढ़-बिलाईगढ़- मोटरसाइकिल चोरी मामले में कोतवाली पुलिस को मिली बड़ी सफलता, 7 आरोपी सहित 8 मोटरसाइकिल जब्त !

सारंगढ़-बिलाईगढ़-  कोतवाली सारंगढ़ पुलिस को आज  मोटरसाइकिल चोरी के मामले में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चोरी के मामलों का खुलासा करते हुए 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, बीते 10 अक्टूबर को सारंगढ़ बस स्टेशन और जिला अस्पताल सारंगढ़ के पास एक ही दिन में दो मोटरसाइकिलें चोरी हो गई थीं। प्रार्थी की रिपोर्ट पर कोतवाली सारंगढ़ में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस चोरों की पतासाजी में जुट गई। जाँच के दौरान सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी देवचरण, पिता कार्तिक राम, उम्र 24 वर्ष, निवासी रायकोना, थाना सरसीवा तथा पंकज, पिता कांता प्रसाद, निवासी रायकोना, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनके कब्जे से चोरी की गईं दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत 70,000 रुपये है।

पूछताछ में खुले 6 और मोटरसाइकिल चोरी के मामले

पूछताछ के दौरान 6 अन्य मोटरसाइकिल चोरी के मामले भी सामने आए। आरोपी जिले के बाहर से भी मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें उड़ीसा में बेचने की फिराक में थे। चोरी की गई गाड़ियों में सरायपाली, सागरपाली और लम्बरपाली, रायगढ़ से चुराई गई गाड़ियाँ भी शामिल हैं। इन मामलों में शामिल अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। ये सभी भी ग्राम रायकोना, थाना सरसीवा, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के निवासी हैं। इस मामले में गिरफ्तार सभी विधि से संघर्षरत हैं।

आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस के तहत कार्रवाई

इस प्रकार पुलिस ने कुल 8 मोटरसाइकिलें जब्त की हैं और 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त मोटरसाइकिलों में 4 हीरो एचएफ डीलक्स, 1 स्कूटी और 1 हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रशिक्षु उप निरीक्षक विवेक सिंह चौहान, एएसआई रजक, प्रधान आरक्षक भुवन लाल काटले, महेंद्र सिंह मार्को, केशव प्रसाद देवता तथा आरक्षक नंदकिशोर भारद्वाज और संजय भारद्वाज की उल्लेखनीय भूमिका रही।

📲 इस खबर को शेयर करें
WhatsApp Facebook Telegram