रायगढ़। जिले के जनपद पंचायत तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत केशरचुवां के आश्रित ग्राम औंराजोर स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के भवन की जर्जर स्थिति सामने आई है। स्कूल की छत का प्लास्टर उखड़ गया है और कई जगह छत क्षतिग्रस्त हो गए है। ऐसे में विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत केशरचुआ की सरपंच श्रीमती विशाखा संजय राठिया ने जिला कलेक्टर, रायगढ़ को पत्र लिखकर शासकीय प्राथमिक शाला औंराजोर के लिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति देने की मांग की है।
सरपंच द्वारा दिए गए आवेदन में उल्लेख किया गया है कि स्कूल का वर्तमान भवन जर्जर हो चुका है। इस स्थिति में बच्चों को पढ़ाई के लिए बाहर अथवा अन्य स्थान पर भेजने की स्थिति बन रही है। पत्र में यह भी कहा गया है कि भवन मरम्मत योग्य नहीं है, इसलिए नए भवन निर्माण की स्वीकृति प्रदान की जाए।
वर्षों पुरानी है समस्या, समाधान अब तक नहीं
प्रदेश में सरकार बदल गई है, समय के साथ कई विकास के कार्य भी देखने को मिल रहे हैं। लेकिन, यह वर्षों पुरानी समस्या आज तक सुलझ नहीं सकी है। कई वर्षों से बच्चे गांव के किसी घर के बरामदे में पढ़ने को मजबूर है। पिछले दिनों स्कूल की समस्या को लेकर समाचार प्रकाशित होने के बाद संबंधित अधिकारियों के द्वारा बच्चों की सुरक्षा को ध्यान देते हुए स्कूल के छत के नीचे पढ़ाने के लिए मना कर दिया गया था। इसके बाद वैकल्पिक रूप से गांव के लोगों के बरामदे में बच्चों का अध्ययन कार्य किया जा रहा था।

छत की हालत देख उठ रहे सुरक्षा संबंधी सवाल
विद्यालय की छत का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। छत की सतह उखड़ने से अंदर का हिस्सा दिखाई दे रहा है। स्कूल भवन की ऐसी स्थिति में बच्चों और शिक्षकों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। यदि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए, तो किसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
कलेक्टर से जल्द कार्रवाई की उम्मीद
सरपंच ने अपने पत्र में प्रशासन से समस्या का समाधान करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा है कि यह बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा से जुड़ा मामला है। अब देखना होगा कि जिला प्रशासन और संबंधित शिक्षा विभाग इस मांग पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा विद्यालय के लिए नए भवन की स्वीकृति कब तक मिल पाती है।
बच्चों की सुरक्षा सर्वोपरि
शासकीय विद्यालयों में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना आवश्यक है। औंराजोर प्राथमिक शाला के भवन की स्थिति को देखते हुए संबंधित अधिकारियों द्वारा स्थल निरीक्षण कर भवन की सुरक्षा का आकलन करना और बच्चों के लिए सुरक्षित वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।


