CG News : विष्णु देव साय, अरूण साव और विजय शर्मा ने ली छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ! मोदी की सादगी ने जीता लोगों का दिल, बघेल से मिलाया हाथ, कंधा पर दी थपकी ! मंच पर छाए रहे साजा विधायक ईश्वर साहू ! देखें शपथ ग्रहण की झलकियां…


रायगढ़, 13 दिसम्बर 2023। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केन्द्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केन्द्रीय सामाजिक न्याय राज्य मंत्री रामदास अठावले, राज्यसभा सांसद जे.पी.नड्डा, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा विशेष रूप से मौजूद थे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं उप मुख्यमंत्री अरूण साव, विजय शर्मा ने ईश्वर के नाम से पद एवं गोपनीयता की शपथ हिन्दी में ली।


         राज्यपाल श्री विश्वभूषण हरिचंदन ने इस मौके पर छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री के रूप में अरूण साव एवं विजय शर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह एवं भूपेश बघेल, पूर्व उप मुख्यमंत्री टी.एस.सिंहदेव, पूर्व सांसद ओम माथुर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मुख्य सचिव अमिताभ जैन ने किया।

मोदी की सादगी पर फिर फिदा हुए लोग

मंच पर पीएम मोदी अचानक मेज सरकाने लगे। वे टेबल को उठाकर राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंदन के सामने खुद ही शिफ्ट करने लगे। यह देखने के बाद मंच पर मौजूद सभी नेता पीएम मोदी की मदद करने के लिए दौड़ पड़े। पीएम मोदी के टेबल सरकाने पर वहां मौजूद लोग हैरान रह गए। हालांकि बाकी नेताओं ने भी टेबल को शिफ्ट करने में पीएम मोदी की मदद की। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा।

लोगों को यह वीडियो काफी पसंद आया है। वे पीएम मोदी की सादगी की तारीफ कर रहे हैं। लोगों का कहना है कि छोटी सी बात भी बहुत मायने रखती है। बस यही छोटी छोटी बातें तो इनको हर एक वर्ग का मुरीद बना देती है।इस सादगी और सालीनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अन्य शीर्ष नेताओं से अलग बनाती है।

पूर्व सीएम भूपेश बघेल से मिलाया हाथ, कंधा पर दी थपकी

शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंह देव भी मंच पर बैठे थे। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार करते हुए मंच के एक छोर से दूसरे छोर की ओर जाने लगे। तब सामने पंक्ति के अंतिम छोर पर भूपेश बघेल और रमन सिंह बैठे हुए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंतिम छोर की ओर जा रहे थे और भूपेश बघेल के पास पहुंचे तभी उन्होंने और बघेल जी… कहते हुए हाथ मिलाया और कंधा पर थपकी दी।

बघेल और रमन सिंह के बीच नहीं हुई बातचीत

कार्यक्रम के मंच पर निवर्तमान मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह अगल-बगल में बैठे थे, लेकिन दोनों ने न तो एक दूसरे का अभिवादन किया और न ही एक शब्‍द आपस में बात की।

मंच पर छाए रहे साजा विधायक ईश्वर साहू

शपथ ग्रहण समारोह पर अतिथियों के पहुंचने से पहले ईश्‍वर साहू छाए रहे। साहू साजा सीट से पूर्व मंत्री और कांग्रेस के दिग्‍गज नेता रविंद्र चौबे को हराकर विधायक बने हैं। बृजमोहन और अजय चंद्राकर जैसे वरिष्‍ठ नेता भी उनके साथ जनता का अभिवादन करते नजर आए।


              कलेक्टर श्री कार्तिकेया गोयल के मार्गदर्शन में रायगढ़ के नगर निगम ऑडिटोरियम में मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के शपथ ग्रहण समारोह का लाईव प्रसारण किया गया। शपथ ग्रहण कार्यक्रम को देखने बड़ी संख्या में शहरवासी एकजुट हुए थे। इस मौके पर आयुक्त नगर निगम श्री सुनील चंद्रवंशी, उपायुक्त श्री सुतीक्षण यादव, श्रीमती शीला तिवारी, सहित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इसी तरह जिले के नगरीय निकाय, ग्राम पंचायतों सहित विभिन्न स्थानों में लोगों ने टीवी के माध्यम से मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का शपथ ग्रहण समारोह कार्यक्रम को बड़ी उत्सुकता के साथ देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker