Tamnar News : जिले के वनांचल क्षेत्र तमनार में हाथियों ने कहर ढाना फिर शुरू कर दिया है। बीती रात गजराज ने महिला को पैरों तले रौंद डाला है। वजनी पैर के नीचे आने से मौके पर ही महिला के प्राण पखेरू उड़ गए। घटना ग्राम पंचायत कसडोल के आश्रित ग्राम कांटाझरिया की है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीबन 10:00 बजे चमरीन मांझी पति स्वर्गीय सुंदर मांझी उम्र 60 वर्ष घर पर थी। तभी हाथी ने उस पर हमला कर दिया। हाथी के हमले से वृद्ध महिला अपनी जान बचाने में नाकामयाब रही, और पैरों तले कुचली गई। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है।
ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार एक दतेल हाथी तमनार क्षेत्र के कसडोल जंगल में कुछ दिनों से विचरण कर रहा है। 2 दिन पहले राटरोट के पास रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे एक बाइक सवार व्यक्ति हाथी से टकराते टकराते बाल बाल बचा था। हाथी के हमले से बचने के लिए तमनार क्षेत्र वासियों को अब सतर्कता बरतनी जरूरी है।

मिली जानकारी के अनुसार उक्त घटनास्थल रायगढ़ वन परिक्षेत्र के तहत आता है। बीती रात घटना के बाद ग्रामीणों ने मामले की जानकारी रायगढ़ रेंजर लीला पटेल को दी। सूचना पर रायगढ़ वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची। जहां वन विभाग द्वारा ₹25000 तात्कालिक मुआवजा राशि मृतक के परिजनों को दी गई है। वहीं लोगों को उक्त मार्ग में सावधानीपूर्वक आने-जाने की अपील करते हुए आसपास का क्षेत्र में मुनादी कराई गई है।





घर और फसल को भी पहुंचाया नुकसान
मृतिका अपनी नतनिन के साथ रहती थी, जो कल बगल के घर में टीवी देखने के लिए गई हुई थी। और वृद्ध महिला घर पर सोई थी। इसी बीच हाथी ने दबिश दिया। हाथी के द्वारा मकान और फसल को भी नुकसान पहुंचाया गया है। रायगढ़ रेंजर लीला पटेल ने जानकारी देते हुए बताया है की फसल क्षतिपूर्ति और मकान क्षतिपूर्ति का प्रकरण बनाया गया है। जिसका मुआवजा राशि पीड़ित परिवार को दिया जाएगा।