CG News : प्रदेश के जांजगीर चांपा और कोरबा जिले से दुखद खबर सामने आई हैं। मौत के कुएं ने 9 लोगों की जान ले ली है। जांजगीर जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गांव किकिरदा में पांच लोगों की मौत हो गई है। वहीं कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जुराली के डिपरा पारा में कुएं के अंदर जाने से 4 लोगों की सांसे थम गई है। किकिरदा में हुई घटना पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुख प्रकट करते हुए मृतकों के परिजनों को सहायता राशि के तौर पर 5-5 लाख रु देने की घोषणा की है।
किकिरदा घटना, 5 की मौत
SDOP यदुमणि सिदार ने बताया कि रामचंद्र जायसवाल (60 वर्ष) नाम का एक व्यक्ति कुएं में लकड़ी अंदर गिरने पर उसे निकालने घुसा था, तभी गैस का रिसाव होने लगा और वह बहोश हो गया। इसके बाद पत्नी के शोर मचाने पर ये लोग उसे निकालने कुएं में घुसे थे, लेकिन कोई जिंदा नहीं लौट सका।
रामचंद्र जायसवाल को बचाने सबसे पहले पड़ोसी रमेश पटेल (50 वर्ष) आया और वह कुएं के अंदर गया। उसकी भी सांसें भरने लगीं, फिर उसे बचाने उसके दो बेटे राजेंद्र (20 वर्ष) और जितेंद्र (25 वर्ष) भी कुएं के अंदर चले गए।
जब चारों कुछ देर तक नहीं लौटे तो पड़ोस में रहने वाला टिकेश्वर चंद्रा (25 वर्ष) भी इन लोगों को बचाने के लिए कुएं अंदर चला गया। लेकिन जहरीली गैस के रिसाव से पिता और 2 बेटों समेत 5 लोगों की जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बिर्रा पुलिस और तहसीलदार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। वहीं SDRF की टीम को भी बुलाया गया है। एसपी विवेक शुक्ला मौके पर पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर से SDRF की टीम का इंतजार है। स्थानीय गोताखोर पहुंचे लेकिन ऑक्सीजन मास्क नहीं होने के कारण कुएं में नहीं उतारा गया। शवों को निकाल सीधे अस्पताल ले जाया जाएगा।
ग्राम जुराली के डिपरा पारा की घटना, 4 मौतें
ग्राम जुराली के डिपरा पारा में रहने वाला ग्रामीण जहरू आज कुंआ में अचानक गिर गया था। घटना की जानकारी मिलते ही पिता को बचाने उसकी बेटी कुंआ में कूद गयी। इस दौरान बाप-बेटी के कुएं से बाहर नही निकलने पर दो अन्य लोग कुंआ में नीचे उतरे। लेकिन वे सभी भी बाहर नही आये और अंदर ही बेहोश होकर गिर गये। घटना की जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुंआ में ज्यादा पानी नही होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में प्रथम दृष्टया कुंआ में जहरीले गैस के रिसाव की चपेट में आकर दम घुटने से भी की मौत होने की आशंका जतायी जा रही है।