रायगढ़। जिले के बंगुरसियां धान खरीदी केंद्र में बुधवार देर रात एक बार फिर हाथी ने हमला कर उत्पाद मचाया। हाथी ने केंद्र में घुसकर तीन बोरी धान खा लिया। यह घटना रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र की है, जहां हाथी के लगातार हमलों से कर्मचारी और ग्रामीण डरे हुए हैं।
वीडियो में कैद हुई घटना
धान खरीदी केंद्र में मौजूद कर्मचारियों ने हाथी की हरकतों का वीडियो बनाया। वीडियो में देखा जा सकता है कि हाथी खुलेआम केंद्र में धान खा रहा है। कर्मचारियों के अनुसार, यह हाथी अब तक पांच बार यहां आ चुका है, जिससे कुल 33 कट्टा धान का नुकसान हो चुका है।
मंडीकर्मियों में दहशत
बार-बार हो रहे हमलों से मंडीकर्मी भयभीत हैं। वे डर के साये में काम करने को मजबूर हैं। घटना के बाद कर्मचारियों ने वन विभाग से सुरक्षा और समस्या के स्थायी समाधान की मांग की है।
सड़क पर भी दिखा दंतैल
बुधवार सुबह यही हाथी रायगढ़-हमीरपुर रोड पर भी दिखाई दिया। सड़क पार करते समय हाथी को देखकर वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए रुक गई। हाथी की मौजूदगी से वाहन चालकों और राहगीरों में भी डर का माहौल बना रहा।
वन विभाग के सामने चुनौती
रायगढ़ वन मंडल क्षेत्र में हाथियों का आतंक कोई नई बात नहीं है। बार-बार होने वाली घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों को नुकसान हो रहा है। वन विभाग के लिए हाथी को नियंत्रित करना एक बड़ी चुनौती बन गया है।