CG News: जांजगीर-चांपा जिले से सुबह एक भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। शादी से लौट रही कार को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी है। जिसमें दुल्हन और दूल्हे समेत पांच लोगों की मौत हो गई। घटना मुलमुला थाना के पकरिया जंगल में आज सुबह 5 बजे हुई है। ट्रक ड्राइवर गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी कार से काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला। डायल 112 एंबुलेंस उन्हें लेकर रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची, जहां डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. जानकारी के मुताबिक मृतक शादी में शामिल होकर बलौदा लौट रहे थे।
दूल्हा-दुल्हन के परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया
हादसे की खबर मिलते ही दूल्हा-दुल्हन दोनों के परिवार में खुशी का माहौल मातम में बदल गया। जहां कल तक शहनाइयों की गूंज, रिश्तेदारों-नातेदारों की चहल-पहल थी,नवहां कुछ घंटों में ही सन्नाटा पसर गया। बलौदा निवासी शुभम सोनी और शिवरीनारायण की रहने वाली नेहा शनिवार रात ही परिणय सूत्र में बंधे थे। शुभम रविवार सुबह दुल्हन की विदाई कराकर कार से अपने घर लौट रहा था। गाड़ी में दूल्हा और दुल्हन के अलावा परिवार के तीन और सदस्य बैठे थे।