Raigarh News: पानी की किल्लत से जूझ रहे शहरवासियों का सब्र का बांध अब टूट गया है। अमृत मिशन योजना से शहर में पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण शहरवासी परेशान हैं। 24 घंटे घरों तक पानी पहुंचाने की बात करने वाली शहर सरकार के खिलाफ अब लोगों ने मोर्चा खोल दिया है। पानी की समस्या को लेकर निगम में ताला जड़ कर प्रदर्शन किया जा रहा है। निगम कार्यालय के मुख्य द्वार के सामने शहर सरकार, निगम प्रशासन, रायगढ़ विधायक प्रकाश नायक के खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगाए जा रहे हैं। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए पुलिस बल निगम परिसर में तैनात है।

बता दें कि पिछले कई हफ्तों से पानी की समस्या को लेकर शहरवासियों के द्वारा सोशल मीडिया व अखबारों के जरिए निगम अमले को अवगत कराया जा रहा है। लेकिन शहरवासियों की समस्या नहीं सुनी जा रही है। जिस वजह से आज वार्ड पार्षद व भाजपा नेताओं ने तीखे तेवर दिखाते हुए नगर निगम में ही ताला जड़ दिया है।


गेट के सामने धरने पर बैठे शहरवासी,भाजपा नेता
पानी की किल्लत से जूझ रहे विभिन्न वार्ड वासी आज सुबह करीबन 10:00 बजे निगम परिसर पहुंचे। जहां आक्रोशित लोगों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। मुर्दाबाद के नारे लगने शुरू हो गए। सोशल मीडिया में खबरें वायरल होने के बाद भाजपा नव अन्य नेता भी निगम की ओर रुख करने लगे। देखते-देखते भीड़ बढ़ती गई। हो हल्ला अधिक होने के बाद समझाइश का दौर शुरू हुआ। आयुक्त और उपायुक्त लोगों को समझाइश देने ऑफिस से बाहर आए। लेकिन उनकी एक न चली, आक्रोशित वार्ड वासियों ने आयुक्त उपायुक्त के द्वारा दिए गए आश्वासन को झूठा बतलाया और अपनी जिद पर अड़े रहे। आयुक्त की समझाइश काम नहीं आने के बाद बिगड़ते माहौल को देखते हुए वे खुद मौके से निकल गए।

अनोखा विरोध प्रदर्शन
शहर सरकार और निगम अमले को जगाने के लिए वार्ड वासियों ने एक अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। निगम परिसर के सामने ही बोतल के पानी से साबुन लगाकर नहाया गया। साथ ही यह भी कहा गया कि अगर उन्हें सुबह-शाम पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिलता है तो वह सभी कल इसी जगह पर नहाएंगे।

सुबह शाम 2- 2 घंटे नहीं मिला पानी तो करेंगे चक्का जाम और प्रदर्शन
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि अगर उन्हें सुबह शाम 2- 2 घंटे पानी की आपूर्ति नहीं मिलती है,तो वे कल पुनः उग्र प्रदर्शन करते हुए चक्का जाम करेंगे। मीडिया के सामने बात रखने के बाद प्रदर्शनकारियों ने निगम के गेट पर लगे ताले को खोला।
बोरवेल निकालने से बढ़ी पानी की परेशानी
हर समय हर घर पानी पहुंचाने के लिए बनाई गई अमृत मिशन योजना शहर में फ्लॉप है। 24 घंटे पानी हर घरों तक पहुंचाने की बात कह कर अमृत मिशन के तहत नई सड़कों को खोद-खोद कर पाइपलाइन बिछाई गई है। लेकिन आज पर्यंत तक 1-2 वार्डो को छोड़ दिया जाए तो सभी वार्डों में अमृत मिशन का अमृत नहीं मिल पा रहा है। अमृत मिशन योजना को विश योजना कहा जाए तो इसमें कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। क्योंकि अमृत मिशन के तहत पाइपलाइन बिछने के बाद शहर के कई जगहों से बोरवेल निकाल दिए गए हैं,तो वहीं कई जगहों पर बोरवेल मरम्मत के अभाव में बिगड़ा पड़ा हुआ है। जिससे पानी आपूर्ति नहीं हो पा रही है।

क्या कहती है नेता प्रतिपक्ष
शहर सरकार असफल है, हमारे द्वारा परिषद में लगातार यह बात कही गई थी कि जब तक अमृत मिशन सुचारू रूप से संचालित नहीं होता है तब तक बोरवेल ना निकाला जाए। उन्होंने बोरवेल नहीं निकालने की बात भी कही थी, लेकिन अधिकारियों पर नौकरशाही हावी है। महापौर, सभापति भी इस मुद्दे को लेकर गंभीर नहीं है। उनकी भी बात अधिकारियों ने नहीं सुनी। वर्चस्व की लड़ाई में शहरवासी परेशान है, जिस वजह से आज हमको यहां आकर धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
पूनम सोलंकी,नेता प्रतिपक्ष
देखें वीडियो