रायगढ़।पत्रकारों की सुरक्षा, अधिकारों और पत्रकार सुरक्षा कानून को लेकर सक्रिय अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति, छत्तीसगढ़ ने संगठन विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। समिति द्वारा रायगढ़ जिले में नई संगठनात्मक नियुक्तियों की घोषणा की गई है, जिससे जिले में पत्रकार हितों को लेकर संगठन की सक्रियता और प्रभावशीलता बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।
समिति के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद शर्मा (गौर) द्वारा जारी नियुक्ति आदेश के अनुसार नवरतन शर्मा एवं संजय शर्मा को प्रदेश सह सचिव तथा नरेन्द्र कुमार चौबे को रायगढ़ जिला अध्यक्ष के पद पर नियुक्त किया गया है। सभी नियुक्तियां आगामी आदेश तक प्रभावशील रहेंगी।
जमीनी स्तर तक संगठन विस्तार का संकल्प
नियुक्ति पत्र में उल्लेख किया गया है कि नव-नियुक्त पदाधिकारी संगठन की नीतियों और कार्यक्रमों को राज्य के जिलों एवं ब्लॉकों तक पहुंचाने, संगठन को सशक्त बनाने तथा पत्रकारों से जुड़ी समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का कार्य करेंगे।
पत्रकार सुरक्षा कानून रहेगा प्राथमिक एजेंडा
अखिल भारतीय पत्रकार सुरक्षा समिति लंबे समय से पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को लेकर सक्रिय भूमिका निभा रही है। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को कार्यस्थल पर सुरक्षा, सम्मान और कानूनी संरक्षण दिलाना है। नई नियुक्तियों से रायगढ़ जिले में इस अभियान को और गति मिलने की संभावना है।
पत्रकारों में उत्साह का माहौल
नई संगठनात्मक नियुक्तियों के बाद जिले के पत्रकारों में उत्साह देखा जा रहा है। पत्रकारों का कहना है कि इससे उनकी समस्याओं को मजबूती से उठाने के साथ ही संगठन की भूमिका पहले से अधिक प्रभावी और सशक्त होगी।










