Tamnar News: ग्राम पंचायत महलोई में फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट का शुभारंभ, स्वच्छता प्रबंधन को मिली नई मजबूती !


रायगढ़। स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत तमनार की ग्राम पंचायत महलोई में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई है। जोबरो–पालीघाट–पड़ीगांव–तमनार रोड स्थित फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट (एफएसटीपी) को सफलतापूर्वक कार्यात्मक कर दिया गया है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित सेप्टिक टैंकों की डी-स्लजिंग कर फीकल स्लज के वैज्ञानिक एवं सुरक्षित उपचार की प्रक्रिया भी प्रारंभ कर दी गई है।


ग्राम पंचायत महलोई में स्थापित यह एफएसटीपी 3 केएलडी (किलोलीटर प्रतिदिन) क्षमता का है, जिसका निर्माण लगभग 37 लाख रुपये की लागत से किया गया है। इस संयंत्र का संचालन एवं रखरखाव ग्राम पंचायत महलोई द्वारा स्वयं किया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर स्वच्छता प्रबंधन को बढ़ावा मिलेगा और पंचायत की भूमिका और अधिक सशक्त होगी। डी-स्लजिंग कार्य के दौरान नगर पंचायत घरघोड़ा के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ घरघोड़ा) का महत्वपूर्ण सहयोग भी प्राप्त हुआ, जिससे कार्य को सुचारू रूप से संपन्न किया जा सका।


यह फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट जनपद पंचायत तमनार के अंतर्गत आने वाली कुल 61 ग्राम पंचायतों को कवर करेगा। इसके माध्यम से अब सेप्टिक टैंकों से निकलने वाले फीकल स्लज का खुले में निस्तारण नहीं होगा, बल्कि पर्यावरण के अनुकूल और वैज्ञानिक तरीके से उसका उपचार किया जाएगा। इससे भू-जल प्रदूषण, जलजनित रोगों और गंदगी की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो सकेगा।


एफएसटीपी के संचालन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिलेगी। साथ ही यह पहल स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में एक अहम कदम साबित होगी। ग्राम पंचायत महलोई में शुरू हुई यह व्यवस्था अन्य पंचायतों के लिए भी एक अनुकरणीय मॉडल के रूप में सामने आ रही है, जिससे भविष्य में जिले में स्वच्छता प्रबंधन और अधिक मजबूत होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker