Raigarh News: चक्रधर नगर थाना क्षेत्र में घंटे भर के भीतर दो बड़े हादसे हुए हैं। पहली घटना रेगड़ा और गोवर्धनपुर के बीच बंजारी मंदिर के नजदीक हुई है, वहीं दूसरी दर्दनाक घटना पंचधारी केलो नदी के नजदीक ऐश्वर्यम कॉलोनी के सामने हुई है। पहली घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, तो वहीं दूसरी घटना में बाइक सवार दोनों युवक ने मौके पर दम तोड़ दिया है। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया है।


पहली घटना
मिली जानकारी के अनुसार, गोवर्धनपुर के पास हुई घटना में बाइक सवार युवक तेज गति से गोवर्धनपुर की ओर जा रहा था। तभी खेत की ओर से मिट्टी लेकर आ रहा ट्रैक्टर सड़क की ओर चढ़ रहा था। रफ्तार अधिक होने के कारण बाइक सवार युवक बाइक से नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर से जा टकराया। घटनास्थल पर उपस्थित लोगों के मुताबिक घायल युवक गोवर्धनपुर का ही रहने वाला है। नाम अभी तक पता नहीं चल पाया हैं। उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है।


दूसरी घटना
दूसरी घटना शहर से लगे पंचधारी के पास ऐश्वर्यम कॉलोनी के सामने हुई है। डंपर की ठोकर से बाइक सवार दो लोगों की मौके पर मौत हुई है। घटना के बाद डंपर चालक मौके से फरार हो गया है। सड़क निर्माण नहीं होने के कारण पहले से ही कॉलोनी वासी और आसपास के ग्रामीणों में आक्रोश था, जो घटना के बाद अब भड़क उठा है।