Raigarh Ground Report: छत्तीसगढ़ में बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री पद पर ताजपोशी विष्णुदेव साय की हो गई है। जिनका प्रथम आगमन रायगढ़ में आज होने जा रहा है। जिसकी तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही है। प्रशासन जाग उठा है, पुलिस की पेट्रोलिंग हो रही है। सड़कों को चमकाया जा रहा है, पेचवर्क करके गड्ढों को भरने की कोशिश हो रही है। रोड शो वाली सड़क में अघोषित पार्किंग जोन पर कब्जा करने वाली गाड़ियों को भी हटाया जा रहा है, मुख्यमंत्री और उनके साथ आने वाले नेताओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो इसलिए सड़क के किनारे लगने वाले कई ठेले गुमटियों को भी बंद कर दिया गया है, मतलब मुख्यमंत्री को यह बतलाया जा रहा है कि रायगढ़ की सड़क साफ है और लोगों किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती है।
सीएम के आगमन के पूर्व प्रशासनिक तैयारी
गौरवपथ पर अघोषित पार्किंग जोन में खड़ी होने वाली गाड़ियों की जगह बदली


ट्रैफिक अमले की मेहरबानी और प्रशासनिक सुस्ती की वजह से शहर का गौरव पथ अघोषित पार्किंग जोन बन चुका है। गौरव पथ में खड़ी भारी वाहनों की वजह से आए दिन कई छोटी बड़ी दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लेकिन लक्ष्मी की वजह से इन गाड़ियों पर कार्यवाही नहीं हो पाती है,और छोटी बड़ी घटनाओं को नजर अंदाज कर दिया जाता है। लेकिन आज सुबे के मुखिया रायगढ़ आने वाले हैं, जिनकी आंख मूंदने के लिए ट्रैफिक अमला सुबह से ही गौरव पथ पर खड़ी गाड़ियां हटवा रही है।
रिपेयरिंग कार्य की गति बढ़ी, CM सर आ रहे है…


सड़क पर बने डिवाइडर और गड्ढों की मरम्मत भी तेज गति से की जा रही है। महीनों भर से टूटे पड़े डिवाइडर और सड़क पर बने गढ्ढे को लीपा पोती करके चमकाया जा रहा है।
कपड़ों पर ना लग जाए धूल, झाड़ू लगावाया जा रहा है..



दिन हो या रात, शहर की सड़कों पर भारी वाहन आपको जरूर देखने को मिल जाएंगे। जिसकी बयानगी खुद शहर की सड़कें भी बता रही है, और जनता भी जान रही है. इसे अब शहर वासियों की बदनसीबी कहें या प्रशासनिक लापरवाही या झुकाव, बहरहाल जो भी हो, लेकिन शहर वासी परेशान होते हैं। लेकिन आज ऐसा नहीं हो रहा है, भारी वाहन आज सड़कों पर नहीं दिख रही है, क्योंकि CM सर और उनके साथ कई नेतागढ़ भी आ रहे हैं। जिनहे धूल का सामना न करना पड़ जाए इस वजह से सभी भारी गाड़ियों को बंद कर दी गई है।
ठेले गुमटियां बंद

कबीर चौक से होते हुए CM विष्णु देव साय का रोड शो होना है। जिसके बीच मिनीमाता चौक के पास खुलने वाले फल दुकान और अन्य कई दुकानें आज बंद रखी गई है।
ट्रैफिक अमला आज सड़क पर

रोड शो के लिए कई जगह बैरिकेड लगाकर आम जनता की आवाजाही रोकी जाएगी। जिसको लेकर ट्रैफिक की टीम आज सुबह से ही सड़कों का मुआयना कर रही है। जिन रास्तों पर आवाजाही ब्लॉक किया जाएगा वहां बैरिकेड व्यवस्थित किये जा रहे हैं।
जगह-जगह लगे होर्डिंग्स और बैनर

सीएम के आगमन के पूर्व रोडशो वाली सड़कों पर नेताओं के होर्डिंग्स और बैनर लग चुके हैं। केंद्रीय नेताओं के साथ प्रदेश के शीर्ष नेताओं की तस्वीर रायगढ़ के स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ दिख रही है। बीजेपी का झंडा भी लहरा रहा है। सीएम के आगमन को लेकर भाजपा कार्यकर्ता और नेताओं में उत्साह का माहौल दिख रहा है।
बहरहाल, रायगढ़ की जनता यही चाहेगी कि सीएम का आगमन प्रतिदिन हो और रायगढ़ की समस्याएं खत्म हो। प्रतिदिन सड़को की ऐसे ही सफाई हो और ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिले।










