Raigarh News: हफ्ते भर के लिए थम जाएंगे पहिये ! आक्रोशित ग्रामीण करेंगे चक्का जाम ! तहसीलदार को ज्ञापन, पढ़िए पूरी खबर….

Raigarh News: बढ़ते प्रदूषण,गाड़ियों की रफ्तार व अन्य कई समस्याओं को लेकर जिले के औद्योगिक क्षेत्र तमनार के ग्राम झिकाबहाल चौक में आगामी 6 अप्रैल से 1 हफ्ते के लिए चक्का जाम किया जाएगा। जिसकी सूचना ग्राम पंचायत झिकाबहाल, बुड़िया, टिहलीरामपुर और लिबरा के ग्राम प्रमुख सरपंचों के द्वारा तहसीलदार को दी गई है।

तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि झिकाबहाल एवं आसपास के ग्रामीण जनता अनेकों समस्याओं से जूझ रहे हैं। औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण सड़कों पर चलने वाली गाड़ियों की रफ्तार काफी तेज है, जिससे दो पहिया वाहन चालकों और आम जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वही पूरा इलाका प्रदूषित हो चुका है जिससे आम जनता त्रस्त हो चुके हैं।

डामर प्लांट के विषैले धुएं से फलदार वृक्ष और फसल हो रहे खराब

तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन में बताया गया है कि क्षेत्र में लगे डामर प्लांट और उद्योगों की चिमनियों से निकलने वाली धुआं से फलदार वृक्ष जैसे आम और महुआ जैसे वृक्ष पर फल नहीं लग रहे हैं, वही क्षेत्र में उपजने वाली फसल भी खराब हो रही है। साथ ही साथ प्रदूषण की भयावह स्थिति की वजह से अनेकों बीमारियां फैल रही है। लोगों में चर्म रोग दमा जैसे शिकायतें आ रही हैं।

खदानों में होने वाले ब्लास्टिंग से क्षतिग्रस्त हो रहे मकान

कोयले की खदानों में तीव्र गति से ब्लास्टिंग किया जा रहा है, जिसका असर आसपास के रहवासियों के मकानों पर देखा जा रहा है। ब्लास्टिंग की वजह से होने वाले कंपन से दीवारों पर दरारे आने लगी है। खपरैल से निर्मित छत से खपरैल गिरने लगे हैं।

लिबरा में पहले भी दो बार किया जा चुका है चक्का जाम

कोयला और फ्लाईएश ढोने वाली गाड़ियों की रफ्तार, कोल खदानों में ब्लास्टिंग से होने वाली क्षति, बढ़ते प्रदूषण को लेकर लिबरा के ग्रामीणों द्वारा पूर्व में भी दो बार चक्का जाम किया जा चुका है। लेकिन प्रशासन और प्रबंधन की समझाइश के बाद ग्रामीण मान गए थे और चक्का जाम खोल दिया गया था। एक बार फिर ग्रामीणों ने शासन प्रशासन और उद्योग पतियों पर आरोप लगाया है कि उनकी समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है जिससे आम जनता में आक्रोश व्याप्त है। जिस वजह झिकाबहाल चौक में 6 अप्रैल को सुबह 10:00 बजे से आगामी 1 सप्ताह के लिए चक्का जाम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker