Raigarh News: राज्यपाल रमेन डेका आज 16 सितंबर को चक्रधर समारोह के समापन कार्यक्रम में शामिल होंगे। वे 16 सितंबर की शाम को रायगढ़ पहुंचेंगे। चक्रधर समारोह में शामिल होने के पश्चात वे रात्रि विश्राम रायगढ़ में करेंगे। राज्यपाल श्री रमेन डेका अगले दिन प्रात: 10 बजे से 11.30 बजे तक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला प्रशासन के अधिकारियों की बैठक लेंगे। जिसके पश्चात वे रायपुर के लिए रवाना हो जाएंगे।
समापन समारोह 16 सितम्बर को पद्मश्री डॉ.सुरेन्द्र दुबे एवं डॉ.कुमार विश्वास करेंगे कविता पाठ
सुश्री मानसी दत्ता एवं साथी करेंगी बीहू लोकनृत्य एवं अनिल कुमार गढ़ेवाल गेड़ी लोक नृत्य पर देंगे प्रस्तुति
39 वां चक्रधर समारोह के दसवें दिन समापन समारोह के अवसर पर कवि सम्मेलन का आयोजन होगा। जिसमें डॉ.कुमार विश्वास, पद्मश्री डॉ.सुरेन्द्र दुबे, श्री दिनेश बावरा, श्री सुदीप भोला एवं सुश्री साक्षी तिवारी कविता पाठ करेंगे। इसी तरह गुवाहाटी से आ रही सुश्री मानसी दत्ता एवं साथी बीहू लोकनृत्य पर प्रस्तुति देंगे। बिलासपुर के श्री अनिल कुमार गढ़ेवाल एवं साथी कलाकार गेड़ी लोक नृत्य पर प्रस्तुति देंगे।
चक्रधर समारोह कबड्डी प्रतियोगिता का समापन
पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद व महिला में जिंदल विजेता
संगीत के साथ खेलों के प्रोत्साहन का भी मंच बना चक्रधर समारोह : सांसद श्री राधेश्याम राठिया
चक्रधर समारोह अंतर्गत तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का कल समापन हुआ। लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया मुख्य अतिथि थे। जिंदल फाउंडेशन और अदानी फेडरेशन के बीच महिला वर्ग का रोमांचक फाइनल हुआ। जिंदल फाउंडेशन ने कड़े मुकाबले में अदानी फाउंडेशन को हराया। पुरुष वर्ग में खरसिया जनपद विजेता रही। तमनार जनपद को उन्होंने हराकर ट्रॉफी जीता। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से पुसौर जनपद और जिला कबड्डी संघ को प्राप्त हुआ। तीन दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का कल समापन था। पुरुष वर्ग में 13 टीमों ने और महिला वर्ग में 7 टीमों ने हिस्सा लिया।
मुख्य अतिथि श्री राठिया ने रामलीला मैदान में आयोजित समारोह में महाराजा चक्रधर और बजरंग बली के छायाचित्र पर माल्यार्पण कर फाइनल मैच के शुभारंभ की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज खुशी का दिन है। महाराजा चक्रधर जी संगीत के साथ खेल प्रेमी भी थे। संगीत के साथ-साथ पारंपरिक खेलों को भी उन्होंने बढ़ावा दिया। उन्होंने कहा कि चक्रधर समारोह में ग्रामीण खिलाडिय़ों को मंच मिलना गौरव की बात है। इससे खिलाडिय़ों की प्रतिभा निखरेगी। उन्हें राज्य, राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन का अवसर मिलेगा और जिले की पहचान बढ़ेगी। रायगढ़ को खेल जोन बनाने और धरमजयगढ क्रीड़ा परिसर में पुन: कबड्डी खेल शुरू कराने का भरोसा दिलाया। सांसद श्री राठिया ने विजेता टीमों और खिलाडिय़ों को ट्रॉफी और राशि से सम्मानित किया। जिला कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री रघुवीर सिंह वाधवा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।










