रायगढ़। पुसौर क्षेत्र के छिछोरउमरिया धान खरीदी केंद्र में सोमवार को रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक और उनके साथियों पर मारपीट का आरोप लगा। घटना के बाद धान खरीदी केंद्र के फड़ प्रभारी द्वारा पुसौर थाने में मामले की शिकायत की गई, जिस पर पुसौर पुलिस द्वारा पूर्व विधायक प्रकाश नायक समेत 9 अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद मामला अब राजनीतिक तूल पकड़ता जा रहा है। भाजपा कांग्रेस में आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। कांग्रेस द्वारा धान खरीद में गड़बड़ी का आरोप लगाया जा रहा है, तो वहीं भाजपा नेताओं द्वारा पूरे प्रदेश में पारदर्शिता पूर्वक धान खरीदी की बात कही जा रही है।
कांग्रेसी नेताओं ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक और उनके अन्य साथियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई है। घटना के बाद कांग्रेसी नेताओं ने आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष और उचित जांच की मांग की है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि रायगढ़ के पूर्व विधायक प्रकाश नायक और उनके साथी धान खरीदी केंद्र की जांच के लिए पहुंचे थे, जहां उन्होंने कुछ खामियां पाईं। कांग्रेसी नेताओं के द्वारा धान खरीदी में गड़बड़ी की बात कहने पर समिति के सदस्य भड़क गए, और विवाद बढ़ गया। फिलहाल कांग्रेसी नेताओं के द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंप कर उचित जांच करवाई की मांग की है। साथ ही एफआईआर निरस्त नहीं होने पर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है
क्या कहते है कांग्रेस जिलाध्यक्ष
प्रदेश कांग्रेस के निर्देश पर पूर्व विधायक प्रकाश नायक छिछोरउमरिया धान खरीदी केंद्र में जांच करने गए थे, वहां पर उन्होंने गड़बड़ी पाई, जब कर्मचारियों को गड़बड़ी की बात कही गई, तो वे गलती मानने की बजाय विवाद करने लगे। मंडी में हो रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ करवाई करने की बात कहने पर मंडी के सदस्य सीधे FIR करवाने थाने चले गए। सोचने वाली बात यह है लगातार विधानसभा के सदस्य रहे और सम्माननीय विधायक रहे।जिनके खिलाफ पुलिस जांच करने के बजाय सीधे एफआईआर कर दिए। इसमें कांग्रेस पार्टी का स्पष्ट मानना है कि यह राजनीतिक षड्यंत्र के रूप में इस तरह का FIR कराया गया है। कांग्रेस पार्टी ने आज पुलिस से निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आवेदन दिया है, यदि निष्पक्ष जांच करके एफआईआर निरस्त नहीं किया जाता है और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देंगे, तो हम लोग आने वाले समय में आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे और कांग्रेस पार्टी का सीधा आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी के नेताओं की मिलीभगत से धान खरीदी केंद्र में किसानों का शोषण किया जा रहा है। ज्यादा धन लेकर कम तौल बताया जा रहा है, तो इस तरह के भ्रष्टाचार को कांग्रेस नहीं सहेगी। किसानों के हर दुख दर्द में कांग्रेस पार्टी साथ खड़ी है।
अनिल शुक्ला, कांग्रेस जिलाध्यक्ष रायगढ़
क्या कहते है भाजपा नेता
प्रदेश में अच्छे ढंग से धान खरीदी हो रही है। पूरे प्रदेश में पूरी प्रदर्शित के साथ किसानों से धान खरीदी की जा रही है। रायगढ़ जिले में भी बहुत अच्छे ढंग से इसका काम चल रहा है। कांग्रेस को एक बाधा उत्पन्न करना है। मीडिया और अखबारों से जिस प्रकार की खबरें आई है, पूर्व विधायक का जिस प्रकार का आचरण है। उन्हें अपने आचरण को ध्यान में रखना चाहिए। कानून सबके लिए समान है,धान खरीदी केंद्र में एक शासकीय कर्मचारी के साथ जो स्थिति निर्मित हुई है, उनके द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की है । इसमें भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है।
विवेक रंजन सिन्हा, भाजपा नेता
क्या कहते है अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा एक ज्ञापन दिया गया है, जिसमें कल हुई घटना को लेकर उनके द्वारा निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। जिसमें हमने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष विधि संवत जांच की जाएगी।
आकाश मरकाम, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक