CG News: छत्तीसगढ़ प्रदेश पंचायत सचिव संघ द्वारा 17 मार्च 2025 से चल रहे आंदोलन को बड़ी सफलता मिली है। राज्य के उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा से हुई सकारात्मक वार्ता के बाद पंचायत सचिवों की मांगों पर सहमति बन गई है, जिसके आधार पर संघ ने अपने आंदोलन को आगामी आदेश तक स्थगित करने की घोषणा की है।
प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा द्वारा उपमुख्यमंत्री को सौंपे गए पत्र में उल्लेखित मांगों पर सहमति इस प्रकार है:
- पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा गठित समिति जनवरी 2026 तक अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी, जिसके आधार पर शासन स्तर पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
- शासन स्तर पर किसी भी आदेश के पहले सचिवों की मांगों पर उचित विचार और प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाएगा।
- वर्तमान में 15 वर्ष सेवा पूर्ण कर चुके पंचायत सचिवों के वेतन संरचना में सुधार किया जाएगा।
- आंदोलन अवधि के वेतन की स्वीकृति तत्काल प्रदान की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष उपेन्द्र सिंह पैकरा ने सरकार के रुख की सराहना करते हुए आंदोलन को फिलहाल स्थगित करने की जानकारी दी और उम्मीद जताई कि सहमति के अनुरूप शीघ्र ही कार्यवाही भी शुरू की जाएगी।
