रायगढ़। जिले के छाल थाना क्षेत्र के कीदा गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव में पिछले दो दिनों से बंद पड़े एक घर से महिला और उसके दो बच्चों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, कीदा गांव स्थित घर से तेज दुर्गंध आने पर मोहल्लेवासियों को शक हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा तो घर अंदर से बंद था। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना छाल थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घर का दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया।
घर के भीतर बिस्तर पर महिला सुकांति साहू और उसके दो बच्चों युगल साहू और प्राची साहू के शव पाए गए। तीनों शवों की स्थिति देखकर अंदेशा जताया जा रहा है कि उनकी मौत दो दिन पहले ही हो चुकी थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए छाल पुलिस ने रायगढ़ से फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया है। जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में शोक और दहशत का माहौल है।










