रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी पर कड़ा प्रहार करते हुए 37 किलो गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। वही अवैध महुआ शराब के साथ एक आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ा है। तमनार थाना प्रभारी निरीक्षक आर्शीवाद राहटगांकर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में ओड़िसा से छत्तीसगढ़ ला रहे तस्करों को सलिहाभांठा चौक पर घेराबंदी कर पकड़ा गया। पुलिस ने सेंट्रो कार, मोबाइल फोन समेत कुल 6.45 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
घटना 23 मई की दोपहर की है, जब पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम धौराभांठा की ओर से एक सेंट्रो कार में गांजा लाया जा रहा है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सलिहाभांठा चौक पर नाकाबंदी कर कार को रोकने की कोशिश की। कार में सवार तीन व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान श्रीपति चौहान (35), रोहित किसान (28) और विमल यादव (19) के रूप में हुई है, जो सभी रायगढ़ जिले के टांगरघाट निवासी हैं। जब्त की गई कार श्रीपति चौहान के नाम पर पंजीकृत है। पुलिस ने वाहन की तलाशी में दो बोरियों में रखे कुल 37 किलो गांजा बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने गांजा ओड़िसा से लाने की बात स्वीकार की है।


आरोपियों के मेमोरेंडम पर पुलिस ने 2.50 लाख रुपये कीमत की सेंट्रो कार (सीजी 13 सी 5581), 3.70 लाख रुपये मूल्य का गांजा और तीन मोबाइल फोन (कीमत करीब 25 हजार रुपये) जब्त किए हैं। इस प्रकार कुल 6.45 लाख रुपये की संपत्ति जप्त की गई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने ओड़िसा के दो गांजा सप्लायर्स के नामों का भी खुलासा किया है, जिन्हें भी मामले में आरोपी बनाया गया है। पांचों आरोपियों के खिलाफ थाना तमनार में अपराध क्रमांक 105/25, धारा 20 (बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार तीन आरोपियों को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक आर्शीवाद राहटगांवकर, सहायक उप निरीक्षक सुरुतिलाल सिदार, प्रधान आरक्षक हेम प्रकाश सोन, हेमंत पात्रे, आरक्षक पुरूषोत्तम सिदार और अमरदीप एक्का ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधीक्षक श्री दिव्यांग पटेल ने तस्करी रोकने को लेकर चल रही कार्रवाई को बड़ी सफलता बताया है और सीमावर्ती इलाकों में निगरानी और तेज करने के निर्देश दिए हैं।










