Tamnar News: गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ में भगवान भरोसे स्कूल… “एक टीचर के भरोसे चल रहा केशरचुवां का प्राथमिक विद्यालय”! जुगाड़ से चल रही पढ़ाई ! स्कूल में पदस्थ प्रधान पाठक खरसिया में संलग्न ! बच्चों की शिक्षा में संकट… पढ़िए पूरी खबर….

Tamnar News: तमनार विकासखंड के अंतिम छोर में बसे केशरचुवां का प्राथमिक शाला बीते दो वर्षों से शिक्षक की कमी से जूझ रहा हैं। स्कूल में बच्चों की संख्या 37 है, जिनका भविष्य एक ही टीचर के ऊपर टिका हुआ है। कहने को स्कूल में दो शिक्षकों की पोस्टिंग है, लेकिन प्राथमिक शाला में पदस्थ प्रधान पाठक सुरेंद्र कुमार सिदार को अध्यापन व्यवस्था के लिए खरसिया विकासखंड में जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा संलग्न किया गया है। जिस वजह से प्राथमिक शाला एक मैडम के भरोसे संचालित हो रहा है। टीचर्स के अभाव में बच्चों को सही से शिक्षा नहीं मिल पा रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिक्षकों की कमी के कारण उनके बच्चों का भविष्य अनिश्चितताओं से गुजरता जा रहा है। 

बच्चों की पढ़ाई हो रही प्रभावित

ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार प्राथमिक शाला में एक ही शिक्षिका होने के कारण बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। स्कूल के कार्यों के कारण कई दिन मैडम व्यस्त रहती है, जिस वजह से वह बच्चों को पढ़ा नहीं पाती। ग्रामीणों ने बताया कि प्राथमिक शाला में पदस्थ मैडम स्कूल के कार्यों के कारण संकुल व मीटिंग में चली जाती है। जिसके बाद बच्चे खेलने में व्यस्त हो जाते हैं और पढ़ाई नहीं हो पाती। जिससे उनका भविष्य गर्त में जाता दिख रहा है।

सरकार के दावे और वादे खोखले

शिक्षा समेत नौनिहालों के पठन पाठन पर सरकार द्वारा भले ही प्रतिवर्ष करोड़ों रुपये खर्च किये जाते हों, लेकिन इसके बावजूद भी सरकारी स्कूल में शिक्षा व्यवस्था बेहद बदहाल स्थिति में हैं। एक शिक्षक के भरोसे जब पूरा स्कूल चले तो छात्रों की पढ़ाई-लिखाई का अंदाज आसानी से लगाया जा सकता है। एक तरफ जहां सरकार बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिये सरकारी विद्यालयों पर करोड़ों रुपए खर्च कर रही है, वहीं जमीनी स्तर पर शिक्षकों की कमी से नौनिहालों का भविष्य अंधकार में घिरता जा रहा है। 

शिकायत के बाद वैकल्पिक व्यवस्था से पढ़ाई

शिक्षक की कमी से जूझ रहे केशरचुवां गांव के सरपंच ने मामले की शिकायत विकास खंड शिक्षा अधिकारी से की है। जिसके बाद विकास खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। माध्यमिक शाला में पदस्थ शिक्षकों को समय निकालकर प्राथमिक शाला के बच्चों को पढ़ाने के लिए बोला गया हैं।

क्या कहते है BEO

प्रस्ताव में भेजी हूं, लेकिन जिला से आर्डर नहीं आया है। मिडिल स्कूल और प्राइमरी स्कूल एक ही परिसर में चलते हैं। वहां मिडिल स्कूल में चार शिक्षक पदस्थ हैं। जिनको संकुल से मैं आर्डर करवाई हूं कि सभी शिक्षक 1-1 पीरिएड प्राइमरी स्कूल में लें।

मोनिका गुप्ता , विकास खंड शिक्षा अधिकारी तमनार
शिकायत की कापी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker