Raigarh News : पुसौर क्षेत्र स्थित एनटीपीसी लारा प्रबंधन द्वारा महलोई के ग्रामीणों के साथ वादा खिलाफी की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि पर्यावरणीय जनसुनवाई में एनटीपीसी लारा द्वारा महलोई के अधिग्रहित जमीन में खेल मैदान विकसित करने का वादा किया गया था। लेकिन दो-तीन वर्ष बीत जाने के बाद भी खेल मैदान परिसर का निर्माण नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के द्वारा एनटीपीसी द्वारा की गई वादा खिलाफी की शिकायत कलेक्टर और तहसीलदार से की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई उचित पहल नही हुआ।
महलोई के ग्रामीणों के द्वारा कलेक्टर और तहसीलदार को दिए गए ज्ञापन में बतलाया गया है कि एनटीपीसी लारा द्वारा प्लांट स्थापित करने हेतु महलोई की सारी जमीन को कंपनी ने अधिग्रहित कर ली है।ग्राम महलोई में खेलकूद के लिए कोई जमीन नहीं बची है, गांव की खेल भूमि एनटीपीसी प्लांट के अधिग्रहण में चली गई है। प्रबंधन द्वारा गोचर जमीन का अधिग्रहण भी किया गया था, जिसे गांव के निस्तारी हेतु छोड़ गया है। निस्तारी के लिए रखी गई जमीन पर ग्रामीण खेल मैदान निर्माण करवाने की मांग प्रबंधन से कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांगे अभी तक पूरी नहीं हुई है। जिससे खिलाड़ियों का विकास और खेल के प्रति लोगों का उत्साह कम होता जा रहा है।












