Raigarh News : जिले के कोतरा रोड थाना क्षेत्र से हत्या का मामला सामने आया है। छोटी बहन ने बड़ी बहन के सिर पर प्राणघातक हमला कर मौत की नींद सुला दी है। घटना पतरापाली में बीती रात हुई है। पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात दो सगी बहन नेहा महतो 22 वर्ष और रंजीता 24 वर्ष के बीच खाना बनाने को लेकर विवाद हो गया। कुछ समय के बाद विवाद थम गया। परिवार वाले सभी एक साथ खाना खाकर सोने चले गए। लेकिन नेहा मन ही मन रंजीता के खिलाफ गुस्से से खौल रही थी। गहराती रात के साथ नेहा का गुस्सा और भड़कता जा रहा था। रात को 10 बज रहे थे, तब रंजीता गहरी नींद में सो गई, तभी मौका देखकर नेहा ने ओखली के कुटनी से सिर पर कई वार कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।
नेहा ने पुलिस को बताया है कि अक्सर उसके परिजन बड़ी बहन का फेवर लेते थे। और उसे अधिक छूट देते थे। कल खाना बनाने के विवाद के बाद भी उसके माता पिता बड़ी बहन को सपोर्ट किये। जिससे वह काफी दुखी थी। जिस वजह से उसने प्राणघातक हमले की घटना को अंजाम दिया।
क्या कहते है थाना प्रभारी
खाना बनाने के विवाद पर छोटी बहन ने बड़ी बहन के सिर पर कुटनी से हमला कर हत्या कर दी है। परिवार मूलतः बिहार के रहने वाले है जो पतरापाली में रहते है। घटना कल रात की है। आरोपिया गिरफ्त में है।
राकेश मिश्रा, थाना प्रभारी कोतरा रोड