Raigarh News : औद्योगिकरण के नाम पर उजड़ते जंगल के बाद अब वन्य प्राणी भी मानव समुदाय की ओर रुक कर रहे हैं। पेड़ों की कटाई कर जंगलों में लगातार फैक्ट्रियां बैठती जा रही है। जिससे जंगलों में रहने वाले वन्य प्राणी सुरक्षित नजर नहीं आ रहे हैं। हाथी, तेंदुए से लेकर छोटे बड़े जानवर भी अब गांव- कस्बे की ओर आ रहे हैं। जिसका जीता जागता उदाहरण रायगढ़ में देखने को मिल रहा है। बीती रात दुर्लभ प्राणी पैंगोलिन शहर के जूटमिल क्षेत्र में घुस आया था, जिस पर लोगों की नजर पड़ गई और पूरा मोहल्ला पैंगोलिन को देखने के लिए उमड़ पड़ा।

मिली जानकारी के अनुसार, संरक्षित वर्ग में रखे गए दुर्लभ वन्य जीव पैंगोलिन को बीती रात जूट मिल क्षेत्र के वार्ड नंबर 32 में देखा गया। घनी आबादी वाले क्षेत्र में पैंगोलिन जैसे शर्मीले जीव को देखकर लोगों के भीड़ इकट्ठी हो गई, चीख पुकार मचने पर मामले की जानकारी वार्ड पार्षद को मिली। इसके बाद वे खुद मौके पर पहुंचे और पैंगोलिन की जानकारी निकटस्थ जूटमिल थाने में दी गई। सूचना पर पुलिस ने पैंगोलिन को अपने संरक्षण में रख लिया। इसके बाद वन विभाग को मामले की जानकारी दी गई। वन विभाग की टीम मौके पर आई और पैंगोलिन को हेल्थ चेकप के लिए रखा गया।