Raigarh News: जिले की सड़कों पर सड़क हादसे का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। भारी वाहनों की चपेट में आकर लगातार लोग अपनी जान गवा रहे हैं। आज फिर एक अनियंत्रित डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौके पर मौत हो गई तो वहीं दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना सुबह कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रायगढ़- घरघोड़ा मार्ग में केलो डैम के मुख्य गेट के सामने हुई है। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल भिजवाया है।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। वहीं मृतक की पहचान जांजगीर-चांपा जिले के बमहिनडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव पिपरदा के अटल कुमार पटेल पिता ओम प्रकाश पटेल उम्र 32 वर्ष के रूप में हुई है। जो अग्रोहा आयरन एन्ड स्टील प्लांट में जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्य करता था। जो उसके साथी जीतू के साथ जेसीबी मशीन क वजनदार जैक पाइप को लेकर रायगढ़ निकला था। तभी यह हादसा हो गया।










