Raigarh News: फ्लाई ऐश डस्ट से भरे ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसा आज सुबह करीब 9 बजे हुआ, जब ट्रेलर घरघोड़ा से धरमजयगढ़ की ओर जा रहा था, तभी डुमरपाली गांव के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक सवार को जद में लिया, जिससे युवक के सिर के चीथड़े उड़ गए। घटना की सूचना पर घरघोड़ा पुलिस मौके पर मौजूद है।

घटना स्थल पर ग्रामीणों का हंगामा
मृतक की पहचान पूसल्दा गांव के पिंटू राठिया नामक युवक के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हो गए और गुस्साए लोगों ने ट्रेलर चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया है, जिससे यातायात बाधित है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दी समझाइश
सूचना मिलने पर घरघोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, ग्रामीणों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है, और वे प्रशासन से मुआवजे की मांग कर रहे है। फिलहाल, पुलिस मामले की जांच कर रही है और ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया गया है।










