Tamnar News: तमनार-कसडोल सड़क निर्माण में रुकावट, ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन! 

सीएसआर फंड से बन रही सड़क का कार्य अटका, ग्रामीणों को हो रही भारी परेशानी

रायगढ़।  तमनार क्षेत्र को जिले से जोड़ने वाली तमनार- कसडोल सड़क का निर्माण कार्य इन दिनों विवादों और अवरोधों के चलते बाधित हो गया है। इस समस्या को लेकर ग्राम पंचायत कसडोल के सरपंच और क्षेत्रीय ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सड़क निर्माण कार्य को पुनः प्रारंभ कराने की मांग की है।

ग्रामीणों के द्वारा ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि तमनार-कसडोल सड़क को वर्ष 2002-03 में  में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनवाई गई थी। उक्त सड़क पर  जिंदल कंपनी द्वारा सोलर प्लांट के निर्माण के दौरान भारी वाहनों का परिचालन किया गया। जिससे सड़क पूरी तरह से जर्जर होकर टूट चुकी है। ग्रामीणों के अनुरोध पर जिंदल कंपनी द्वारा उक्त मार्ग को सीएसआर फंड से पुनर्निर्माण किया जा रहा है। लेकिन स्थानीय निवासियों का विरोध पर काम अटका हुआ है।

सड़क की चौड़ाई बढ़ने पर किसानों ने किया विरोध

ज्ञापन में बताया गया है कि ग्राम गोढ़ी के किसानों के द्वारा सड़क को काटकर लगभग 100 मी सकरी कर दी गई है, लेकिन अब सड़क की चौड़ाई बढ़ाने पर निर्माण को लेकर आपत्ति जताई जा रही है। किसानों के विरोध दर्ज कराए जाने के बाद सड़क निर्माण कार्य लटका हुआ है, जिससे स्थानीय निवासियों और राहगीरों को काफी परेशानी हो रही है।

जीवन दायिनी साबित होती सड़क

लैलूंगा,घरघोड़ा, तमनार क्षेत्र के लोगों को रायगढ़ पहुंचने के लिए कसडोल बरलिया की सड़क जीवन दायिनी साबित हो रही है। मुख्य मार्ग में भारी वाहनों की आवाजाही के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही है, जिससे अधिकतर लोग अब कसडोल से बड़गांव दनोट होते हुए रायगढ़ पहुंच रहे हैं। लेकिन कुछ लोगों के द्वारा ( तमनार-कसडोल) सड़क निर्माण कार्य में आपत्ति जताए जाने के बाद निर्माण कार्य रुका हुआ है। जिससे राहगीरों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

कलेक्टर को दिया गया ज्ञापन की कापी
ज्ञापन की कापी

ग्रामीणों ने प्रशासन से की हस्तक्षेप की मांग

ज्ञापन में यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि राजस्व विभाग द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सड़क की चौड़ाई तय की गई थी। इसके बावजूद कुछ लोगों द्वारा निर्माण कार्य रोकने से क्षेत्रीय जनता को आवागमन में काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उक्त निर्माण कार्य शीघ्र ही शुरू कराया जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker