रायगढ़। रायगढ़ जिले के जनपद पंचायत तमनार अंतर्गत ग्राम पंचायत धौराभाठा में सुशासन तिहार के अवसर पर समाधान शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में क्षेत्रीय जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया और विभिन्न विभागों के समक्ष अपनी समस्याएं प्रस्तुत कीं।
शिविर में कुल 2181 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2168 मामलों का निराकरण मौके पर ही किया गया। वहीं 13 मामलों को विभागीय प्रक्रिया के तहत लंबित रखा गया है, जिनका समाधान शीघ्र किया जाएगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा, जनपद पंचायत अध्यक्ष जागेश्वर सिदार, पूर्व भाजपा तमनार मंडल अध्यक्ष जातिन साव, रोडोपाली भाजपा मंडल अध्यक्ष सरोज बेहरा, दयानंद पटनायक, नवनियुक्त सरपंच संघ अध्यक्ष, अनुविभागीय अधिकारी रमेश मोर, तहसीलदार, सीईओ जनपद पंचायत तमनार सहित सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
शिविर को संबोधित करते हुए पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष जतिन साव ने कहा –
“भाजपा सरकार के गठन के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी द्वारा प्रदेशभर के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता में रखते हुए सुशासन तिहार के अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। पहले लोगों को अपनी समस्याओं के लिए दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे और समय पर अधिकारी नहीं मिलते थे, लेकिन अब शासन स्वयं गांवों तक पहुँचकर समस्याओं का निराकरण कर रहा है।”
जतिन साव
जनपद पंचायत अध्यक्ष जागेश्वर सिदार ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा –
“भाजपा के लिए सुशासन कोई नया कार्य नहीं, यह पार्टी के संस्कार में है। जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब चार साल तक जनता से संवाद नहीं किया गया और अंतिम वर्ष में जनता से सिर्फ औपचारिक मुलाकात की गई। इससे यह स्पष्ट है कि कांग्रेस को जनता की कोई चिंता नहीं थी।”
जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा ने कहा –
हमारा क्षेत्र उद्योगों से घिरा हुआ है। इसलिए मेरी मांग है कि स्थानीय युवाओं को इन उद्योगों में रोजगार दिया जाए और जो ठेकेदारी प्रथा चल रही है, उसमें भी स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जाए। इससे क्षेत्रीय विकास सुनिश्चित होगा।”
शिविर में राजस्व, कृषि, खाद्य, पंचायत, श्रम, स्वास्थ्य, शिक्षा, विद्युत, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक कल्याण, वन और जल संसाधन विभागों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया गया।










