रायगढ़। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम पुरूंगा में प्रस्तावित मेसर्स अंबुजा सीमेंट्स लिमिटिड अडानी कोल खदान के विरोध में बड़ी संख्या में प्रभावित ग्रामीण रायगढ़ कलेक्ट्रेट पहुंचे है। ग्रामीणों ने आगामी 11 नवम्बर को प्रस्तावित जनसुनवाई को रद्द करने की मांग को लेकर कलेक्टर कार्यालय के सामने जोरदार प्रदर्शन कर रहे है।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीण हाथों में तख्तियां लेकर “कोल खदान बंद करो”, “जल-जंगल-जमीन बचाओ”, “हमारे जंगल हमारी जान हैं” जैसे नारे लगाते नजर आए। सैकड़ों ग्रामीण कलेक्ट्रेट भवन के सामने धरने पर बैठे हुए है और प्रशासन के खिलाफ आक्रोश जताया जा रहा है।

कोल खदान खुलने से बढ़ेगी समस्या
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोल खदान खुलने से क्षेत्र में पर्यावरणीय असंतुलन, जंगलों की कटाई, और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाएं और बढ़ेंगी। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2001 से अब तक 167 ग्रामीणों की मौत हाथियों के हमले से हो चुकी है, जबकि 68 हाथियों की भी मौत हुई है। यदि खदान खुली, तो जंगल कटेंगे और हाथियों का आवागमन गांवों की ओर बढ़ेगा, जिससे जनजीवन संकट में पड़ जाएगा।

ग्रामीणों के समर्थन में क्षेत्रीय विधायक लालजीत राठिया भी कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। कलेक्टर ने प्रारंभ में केवल 8-10 प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए आमंत्रित किया, जिनमें विधायक भी शामिल थे। बैठक के बाद जब विधायक बाहर आए और ग्रामीणों से बात की, तो वे संतुष्ट नहीं हुए और खुद कलेक्टर से मिलकर बात करने की जिद पर अड़ गए।

नही आये कलेक्टर तो बैठे धरने पर
जब ग्रामीण दोबारा कलेक्टर से मिलने की मांग को लेकर भवन की ओर बढ़ने लगे तो पुलिस ने गेट बंद कर उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीण अड़े रहे और कलेक्ट्रेट भवन के सामने ही धरने पर बैठ गए। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शन जारी है और ग्रामीण जनसुनवाई रद्द होने तक पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
Update
समझाइस के बाद धरने से उठे प्रभावित ग्रामीण
कलेक्टर से मिलने की जिद को लेकर प्रभावित ग्रामीण घंटे भर कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर बैठे हुए थे। एसडीएम,अपर कलेक्टर, पुलिस अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के द्वारा ग्रामीणों को समझाइस दी जा रही थी। लेकिन ग्रामीण कलेक्टर से मिलने की बात पर अड़े हुए थे। घंटो समझाइस के बाद ग्रामीण माने और धरना प्रदर्शन स्थगित किया गया।
धरमजयगढ़ ब्लॉक के पुरंगा गांव में प्रस्तावित कोल खदान को लेकर आगामी 11 नवम्बर को जनसुनवाई नियत की गई है, जिसको निरस्त करवाने की मांग को लेकर वहां के ग्रामीण आए हुए थे। जिन्हें समझाया गया है कि कल कंपनी के अधिकारी, क्षेत्रीय प्रतिनिधि को बुलाकर एक बैठक रखी जायेगी। और ग्रामीणों के द्वारा जो समस्या बतलाया गया है उसका उचित निराकरण किया जाएगा।
ADM, रायगढ़










