Raigarh News : 28 छत्तीसगढ़ एनसीसी बटालियन रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में एनसीसी दिवस धूमधाम से मनाया गया। एनसीसी दिवस कार्यक्रम में रायगढ़ के किरोड़ीमल शासकीय महाविद्यालय रायगढ़,शासकीय पालूराम धनानिया वाणिज्य महाविद्यालय रायगढ़, शासकीय आईटीआई रायगढ़, पीएमश्री शासकीय नटवर बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायगढ़, सरदार वल्लभभाई पटेल शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायगढ़ के एनसीसी अधिकारी, कैडेट्स एवं 28 छ.ग. एनसीसी बटालियन के पीआई स्टाफ एवं आई टी आई रायगढ़ के प्राचार्य उपस्थित रहे l
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया ने कहा- 23 नवंबर 2025 को एनसीसी के 77 वें स्थापना दिवस एनसीसी दिवस के रूप में बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। एनसीसी कैडेट एकता और अनुशासन की सूत्र में बंध करके सदैव अपनी जिम्मेदारियों के प्रति तत्पर रहते हैं। एनसीसी कैडेट्स को देश की सेवा के लिए नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ और तंदुरुस्त रहने हेतु प्रोत्साहित किए। सूबेदार मुकेश सिंह ने 28 बटालियन की दो वर्षों की उपलब्धियों के बारे में बताया। जिसमें मुख्य रूप से एनसीसी ग्रुप स्तर और डायरेक्ट्रेट स्तर पर 28 बटालियन को बहुत सम्मान मिला। 28 बटालियन रायगढ़ ने नेशनल सर्विस शूटिंग, आरडीसी कैंप, ऑप्टिकल्स, टीएससी, आईडीएसएससी में अग्रणी रही है। ग्रुप स्तर पर शूटिंग कंपीटिशन 2025 में रायपुर ग्रुप 12 मेडल के साथ प्रथम स्थान पर रहा। जिसमें से 11 मेडल 28 बटालियन की रही।
जन-जागरूकता रैली का आयोजन
रायगढ़ के विद्यालय एवं महाविद्यालय के सभी कैडेट शासकीय आईटीआई रायगढ़ में एकत्रित हुए, तत्पश्चात रायगढ़ स्टेडियम, चक्रधर नगर चौक, सिग्नल चौक होते हुए जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के पश्चात आईटीआई के सभाकक्ष में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें आईटीआई के कैडेट्स द्वारा ऑपरेशन सिंदूर पर आधारित डांस प्रस्तुत किया गया। पीडी महाविद्यालय एवं नटवर स्कूल के कैडेट्स द्वारा स्पीच दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में मंच संचालन किरोड़ीमल शासकीय महाविद्यालय रायगढ़ की कैडेट्स श्रुति सिंह ने किया।
रक्तदान शिविर का आयोजन
एनसीसी दिवस पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें 28 सीजी बटालियन एनसीसी रायगढ़ के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया ने प्रथम रक्तदान कर कैडेट्स का मनोबल बढ़ाया। इस प्रकार कुल 22 यूनिट रक्तदान किया गया। रक्तदाताओं को एचडीएफसी बैंक की ओर से सरप्राइज गिफ्ट,रिफ्रेशमेंट और स्व.श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति चिकित्सा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्घ संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति,शासकीय चिकित्सालय रायगढ़(छ.ग.) द्वारा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।
नटवर स्कूल के कैडेट्स द्वारा निकाली गई साइकल रैली
पीएमश्री नटवर शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायगढ़ एनसीसी अधिकारी विनोद कुमार षडंगी के नेतृत्व में साइकिल रैली का आयोजन किया गया.
गौरी खड़िया को डीजी एनसीसी भोपाल द्वारा कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित
28 छत्तीसगढ़ एनसीसी बटालियन रायगढ़ की शासकीय पालूराम धनानिया वाणिज्य एवं कला महाविद्यालय रायगढ़ की एनसीसी सार्जेंट गौरी खड़िया को डीजी एनसीसी द्वारा कमेंडेशन कार्ड से सम्मानित किया गया। गौरी खड़िया को यह सम्मान इंटर डायरेक्ट्रेट स्पोर्ट्स सूटिंग कॉम्पीटिशन, कोल्हापुर (महाराष्ट्र) में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्राप्त हुआ। गौरी खड़िया की इस सम्मान के लिए एनसीसी अधिकारी प्रो ताम्रध्वज पैंकरा ने 28 बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण तेवतिया, पीआईस्टाफ एवं टीम को धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।










