Raigarh News : चोटीगुड़ा गांव के मेले में खुडखुडिया जुआ जोरों पर, बाहरी राज्यों से पहुंचे आदतन जुआड़ी! देखिए वीडियो…

रायगढ़. जिले के घरघोड़ा थाना क्षेत्र के चोटीगुड़ा गांव में माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना के बाद आयोजित मेले में जुए का खेल खुलेआम चलने की खबर सामने आई है। धार्मिक आयोजन के नाम पर लगाए गए इस मेले में खुडखुडिया नामक जुए का खेल मुख्य आकर्षण बना हुआ है, जिसमें सैकड़ों की संख्या में आसपास के किसान और ग्रामीण किस्मत आजमाने पहुंच रहे हैं।

क्या होता है खुडखुडिया जुआ

मेले में खेले जा रहे खुडखुडिया खेल में छह गोटियां होती हैं, जिन पर हुकुम, इक्का, चिड़ी, पान और झंडी-मुंडी की आकृतियां बनी होती हैं। इन गोटियों को एक बंद टोकरी में रखकर घुमाया जाता है और टोकरी खुलने से पहले जुआड़ी भारी रकम का दांव लगाते हैं। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस जुए में न सिर्फ गांव और आसपास के क्षेत्रों के लोग बल्कि दूसरे राज्यों के आदतन जुआड़ी भी महंगी कारों से चोटीगुड़ा पहुंच रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि बीते वर्षों में ऐसे आयोजनों में जुए के कारण कई लोग अपनी जमा-पूंजी गंवा चुके हैं। जुए में सबकुछ हारने के बाद कई बार जुआड़ी अपराध की राह पकड़ लेते हैं, वहीं आर्थिक दबाव झेल न पाने की स्थिति में आत्महत्या जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं।धार्मिक आयोजन की आड़ में चल रहे इस अवैध जुए पर तुरंत रोक लगाई जाए, ताकि सामाजिक माहौल बिगड़ने से रोका जा सके और संभावित अपराधों पर लगाम लगाई जा सके। प्रशासनिक कार्रवाई की मांग के बीच ग्रामीण हालात पर नजर बनाए हुए हैं।

क्या कहते हैं थाना प्रभारी

गांव में कांग्रेस का कार्यक्रम हो रहा था, जहां से 7:00 बजे वापस लौटे हैं, ऐसी कोई जानकारी नहीं है, मैं स्टाफ भेज कर चेक करवाता हूं.

कुमार गौरव साहू, थाना प्रभारी घरघोड़ा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker