रायगढ़। जिले के तमनार क्षेत्र स्थित धौराभांठा में प्रस्तावित जनसुनवाई के विरोध में प्रभावित 14 गांवों के ग्रामीणों ने जोरदार लेकिन शांतिपूर्ण प्रदर्शन शुरू कर दिया है। सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं एकजुट होकर ग्राउंड के चारों ओर चैन बनाकर खड़ी हो गईं, ताकि कोई बाहरी व्यक्ति परिसर में प्रवेश न कर सके।

ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि गारे–पेलमा कोल ब्लॉक सेक्टर-1 से संबंधित प्रस्तावित जनसुनवाई को तत्काल निरस्त किया जाए। उनका कहना है कि वे अपनी जमीन किसी भी कीमत पर नहीं देना चाहते और जल–जंगल–जमीन की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेंगे।

पिछले चार दिनों से प्रभावित लोग कठोर ठंड के बावजूद लगातार डटे हुए हैं। अलाव के सहारे ग्रामीण रात-दिन वहीं मौजूद रहकर विरोध दर्ज करा रहे हैं। भीड़ में महिलाओं की उपस्थिति विशेष रूप से उल्लेखनीय है, जो आंदोलन को मजबूत बना रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि जब तक जनसुनवाई को रद्द नहीं किया जाता, वे शांतिपूर्ण आंदोलन जारी रखेंगे। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नज़र रखी जा रही है, वहीं ग्रामीणों का विरोध लगातार तेज हो रहा है।











