सारंगढ़-बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र से एक दुखद खबर सामने आई है। दुमहानी के रहने वाले दो नवयुवकों की लाश छपोरा गांव के निकट जंगल के अंदर जामुन पेड़ पर फंदे से लटकी मिली है। घटनास्थल पर पुलिस ने शराब की बोतल, पानी पाउच, 6-7 खीरा,नमकीन, सिगरेट, लाइटर भी बरामद किए हैं। हालांकि अभी तक मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत की असल वजह का पता लगाने में जुट गई है। दोनों दोस्तों की लाश को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है।

बिलाईगढ़ थाना प्रभारी विजय चौधरी से मिली जानकारी के अनुसार, टिकवेन्द्र कुर्रे उम्र 22 वर्ष और राहुल बंजारे उम्र 17 वर्ष दुमहानी के रहने वाले है। दोनों में घनिष्ठ मित्रता थी। जिनकी लाश आज छपोरा गांव से लगे जंगल में जामुन के पेड़ पर फंदे से लटकी मिली है। एक ही पेड़ पर दोनों की लाशें कपड़े के फंदे पर लटके देखने पर राहगीरों के द्वारा मामले की जानकारी परिजनों को दी गई। जिसके बाद परिजनों ने घटना के बारे में पुलिस को बताया। फिर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां पुलिस को घटनास्थल से शराब की खाली बोतल और पानी पाउच मिले हैं। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि मृतक आत्महत्या को गले लगाने से पहले शराब सेवन किये होंगे।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टिकवेंद्र कुर्रे भटगांव में आईटीआई सेकंड ईयर में पढ़ाई कर रहा था। वही राहुल बंजारे पिछले वर्ष दसवीं कक्षा में फेल होने के पश्चात पढ़ाई छोड़ चुका था।

स्टेटस डाल कर खुद लगा ली फांसी
ग्रामीणों ने बताया कि बीती रात टिकवेन्द्र कुर्रे ने राहुल के फांसी लगाने के बाद राहुल की फांसी लगाई हुई तस्वीर अपने स्टेटस पर शेयर किया था। जिसके बाद सुबह उसी पेड़ पर दोनों के फंदे पर लटकी हुई लाश देखी गई। ग्रामीणों के अनुसार दोनों बीती रात घर से खाना खाकर निकले थे।

एक युवक का आज था जन्मदिन
टिकवेंद्र सिंह कुर्रे का 3 मई को यानि आज जन्मदिन था। उसके पिता भूषण सिंह कुर्रे ने बताया कि बेटा टिकवेंद्र भटगांव में ITI में सेकेंड ईयर का छात्र था। उसने मंगलवार रात 8 बजे खाना खाया, फिर छत पर सोने के लिए चला गया। उन्होंने बताया कि वो रात में मेन दरवाजे से निकलकर बाहर नहीं गया है, क्योंकि सुबह मेन गेट अंदर से ही बंद था। इससे पता चलता है कि वो बगल वाले घर की छत पर कूदकर उसी रास्ते से छपोरा के जंगल की ओर अपने दोस्त राहुल के साथ गया। यह जानकारी भी मिली है कि टिकवेंद्र को इस महीने 2500 रुपए बेरोजगारी भत्ता मिला था, जिससे उसने कल रात जय स्तंभ चौक पर सभी बच्चों को पार्टी दी थी।